लाइव हिंदी खबर :- मुंबई पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ मूल्य के 1464 मोबाइल फोन और 21.87 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। यह कार्यवाही डीसीपी जोन 3, 4 और 5 में की गई, जिसके तहत हजारों लोगों को उनके खोए हुए कीमती सामान वापस मिले। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बीते एक महीने के भीतर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की गई।
इस अभियान में मोबाइल फोन की डिजिटल ट्रैकिंग, आईएमईआई नंबरों के माध्यम से लोकेशन ट्रेसिंग और स्थानीय पुलिस स्टेशनों के समन्वय से चोरी की संपत्ति बरामद की गई। जोन 3 में 356 मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं जोन 4 में जिसमें घाटकोपर, पंत नगर और विक्रोली शामिल हैं, पुलिस ने 448 मोबाइल फोन वापस किए।
सबसे अधिक सफलता जोन 5 में मिली, जहां कुरला और साकीनाका क्षेत्रों से 660 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने 21.87 लाख मूल्य के सोने-चांदी के गहने भी बरामद किए, जो विभिन्न चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाओं में लूटे गए थे। मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फांसलकर ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पुलिस की तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यवाईयाँ न केवल नागरिकों का विश्वास बढ़ाती हैं, बल्कि यह भी साबित करती हैं कि पुलिस चोरी और लूट जैसे अपराधों पर काबू पाने में कितनी सक्षम है। अपने गुम हुए फोन और गहने वापस पाने वाले नागरिकों ने मुंबई पुलिस का आभार जताया और कहा कि उन्होंने उम्मीद खो दी थी, लेकिन पुलिस ने फिर से भरोसा जगाया।
You may also like
दिल्ली: कपिल मिश्रा ने श्रमिक परिवारों के साथ मिलकर मनाई दिवाली, मिठाइयां और पटाखे बांटे
बिहार चुनाव: जदयू के अभेद्य किले नालंदा में इस बार श्रवण कुमार बरकरार रख पाएंगे जीत?
AUS vs IND: विराट कोहली ने लंदन में बिताए अपने ब्रेक को लेकर बताई दिलचस्प बात
पेरिस: जिस म्यूजियम में मोनालिसा की पेंटिंग वहां बड़ी लूट, सब हैरान
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बाल आश्रम में बच्चों के साथ मनाई दिवाली